Friday, February 14, 2025

घर-घर दस्तक दे रहे महापौर सहित पार्षद पद के उम्मीदवार

Must Read

रायगढ़  नगर निकाय चुनाव की मतदान तिथि नजदीक आती जा रही है, त्यों-त्यों शहर में चुनावी माहौल गरमाता जा रहा है। महापौर सहित पार्षद प्रत्याशी वार्डों में घूम-घूमकर अपने-अपने पक्ष में समर्थन मांग रहे हैं। कांग्रेस-भाजपा के साथ बसपा, आप व निर्दलीय प्रत्याशी भी खूब जोर लगा रहे हैं। शहर में जिस तरह से चुनाव प्रचार का माहौल बन रहा है, उसमें आगे और भी घमासान मचने की संभावना है। नाम वापसी के दिन कलेक्टोरेट में कांग्रेस-भाजपा नेताओं के बीच हुई झड़प व हंगामे के बाद माना जा रहा था कि इसका असर चुनाव प्रचार के दौरान भी दिख सकता है, लेकिन अब तक किसी भी तरह से विवाद की स्थिति नहीं बन पाई है।

एक ओर मौसम में बदलाव देखा जा रहा है, तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, उसी तरह शहर में भी सियासी गर्माहट का माहौल है। नगर निगम चुनाव में नाम वापसी के बाद उम्मीदवारों की स्थिति स्पष्ट हो गई है, उसके बाद चुनाव प्रचार ने जोर पकड़ लिया है। महापौर पद के लिए कांग्रेस से जानकी काटजू, भाजपा से जीवर्धन चौहान, बसपा से बनवारी, आप रुसेन कुमार के साथ निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में जेठूराम मनहर, लीलाधर बानू खुंटे व सिरिल कुमार चुनावी मैदान पर हैं। हालांकि मुख्य मुकाबला कांग्रेस-भाजपा के बीच ही माना जा रहा है, लेकिन अन्य प्रत्याशी भी फिलहाल, खूब जोर-आजमाइश कर रहे हैं और अपने-अपने पक्ष में मोर्चा सम्हालते हुए मतदाताओं को लुभाने की कोशिश कर रहे हैं। दूसरी ओर नगर निगम के सभी 48 वार्डों में भी मुख्य मुकाबला कांग्रेस व भाजपा प्रत्याशी के बीच ही माना जा रहा है, लेकिन कुछ वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशियों का भी जोर चल रहा है। कांग्रेस व भाजपा के महापौर पद के प्रत्याशी अपनी-अपनी पार्टी के पार्षद प्रत्याशी व कार्यकर्ताओं के साथ वार्डों में घूम-घूम कर मतदाताओं से समर्थन मांग रहे हैं, तो निर्दलीय प्रत्याशी भी अपने समर्थकों के साथ चुनाव प्रचार में जुटे हैं। महापौर व पार्षद पद के प्रत्याशियों का रोज ही अलग-अलग वार्डों में रैली निकल रही है। मतदाताओं को लुभाने प्रत्याशी लाउडस्पीकर के साथ बैंड बाजे के साथ चल रहे हैं। उनके साथ कार्यकर्ताओं व समर्थकों की बड़ी फौज भी दिख रही है। राजनैतिक दल के प्रत्याशियों के लिए उनकी पार्टी के बड़े नेता रणनीति बना रहे हैं। एक दिन पहले ही रात में तय हो जाता है कि आज अमुक वार्डों में जाना है और वहां के कार्यकर्ताओं को तैयारी के लिए कह दिया जा रहा है। दूसरे दिन तय समय पर प्रत्याशी वार्ड में पहुंचकर रैली व जनसंपर्क प्रारंभ कर देते हैं। अमूमन महापौर पद के प्रत्याशी एक दिन में तीन-चार वार्डों का भ्रमण कर रहे हैं। फिलहाल, महापौर पद के निर्दलीय प्रत्याशी भी राजनैतिक दलों से किसी भी प्रकार से कमतर नहीं दिख रहे हैं। निर्दलीय प्रत्याशी सिरिल कुमार, पूर्व महापौर जेठूराम मनहर, बानू खुंटे पूरे लाव-लश्कर के साथ वार्डों में पहुंचकर जनसंपर्क कर रहे हैं। इनकी तैयारी देकर शहरवासी भी अचंभित दिख रहे हैं। इस पर चर्चा भी सरगर्म है कि अमूक प्रत्याशी तो इस पार्टी का डमी है और वहीं से उन्हें पूरा चुनावी खर्चा मिल रहा है। अब इसमें कितनी सच्चाई है, ये तो वही बता सकते हैं, फिलहाल, शहर में चर्चाओं का बाजार सरगर्म है।

Latest News

रायपुर : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का महाकुंभ आने के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने जताया आभार

रायपुर, 13 फरवरी 2025 उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्य नाथ ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व...

More Articles Like This