Wednesday, March 12, 2025

पांच निगमों में महिलाएं बनेंगी महापौर, आरक्षण की प्रक्रिया पूरी

Must Read

रायपुर। राज्य के 14 नगर निगमों में महापौर, 54 नगर पालिकाओं और 124 नगर पंचायताें में अध्यक्ष के आरक्षण की प्रकिया मंगलवार को पूरी हो गई। दीनदयाल ऑडिटोरियम में कुल 192 नगरीय निकायों के लिए आरक्षण तय करने को लॉटरी निकाली गई।

इस बार पांच नगर निगमों में महिला महापौर चुनीं जाएंगी। रायपुर, कोरबा और बीरगांव में सामान्य वर्ग की महिलाएं, वहीं रिसाली में अनुसूचित जाति और दुर्ग में अन्य पिछड़ा वर्ग की महिला महापौर बनेगी। भिलाई, भिलाई-चरोदा, बिलासपुर नगर निगम के महापौर अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित किया गया है।

वहीं, जगदलपुर, चिरमिरी, धमतरी नगर निगम को सामान्य वर्ग के लिए आरक्षित किया गया है। रायगढ़ नगर निगम के महापौर का पद अनुसूचित जाति के लिए व अंबिकापुर नगर निगम के महापौर का अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित है।

जनता चुनेगी सीधे महापौर

इस बार महापौर का चुनाव सीधे जनता करेगी। पिछली बार वर्ष 2019 में नगरीय निकाय चुनाव के दौरान पूर्ववर्ती कांग्रेस की भूपेश बघेल सरकार ने महापौर चुनने की शक्ति पार्षदों को दे दी थी।

14 में से 10 निगमों में ही होगा चुनाव

भले ही 14 नगर निगमों में लॉटरी निकाली गई है। मगर, 14 नगर निगमों में से केवल 10 निगमों में ही चुनाव होंगे। रिसाली, भिलाई, बीरगांव और भिलाई-चरोदा निगम में अभी चुनाव नहीं होंगे, क्योंकि इन नगर निगमों का कार्यकाल दिसंबर 2025 में पूरा होगा।

 

ऐसी है 14 नगर निगमों में स्थिति

शहर सीट
रायपुर सामान्य (महिला)
बीरगांव सामान्य (महिला)
दुर्ग ओबीसी (महिला)
भिलाई ओबीसी
रिसाली एससी (महिला)
चरोदा ओबीसी
राजनांदगांव सामान्य
धमतरी सामान्य
जगदलपुर सामान्य
रायगढ़ एससी
कोरबा सामान्य (महिला)
बिलासपुर ओबीसी
अंबिकापुर एसटी
चिरमिरी सामान्य

27 अनारक्षित सीटों में 9 पर महिलाएं

54 नगर पालिकाओं के अध्यक्षों के लिए भी लाटरी पद्धति से आरक्षण की प्रक्रिया पूरी हो गई है। इसमें 27 अनारक्षित सीटों में से नौ सीटों पर महिलाएं होंगी। एसटी(अनुसूचित जाति) के लिए आठ, अनुसूचित जनजाति(एससी) के लिए छह व ओबीसी के लिए 13 सीटें आरक्षित हैं।

यह क्षेत्र हैं आरक्षित

शिवपुरचरचा, तखतपुर, किरंदुल, जामुल, खैरागढ़, बोदरी, बालोद, सरायपाली और बांकीमोंगरा के लिए महिला सामान्य है। वहीं, अनुसूचित जाति के लिए अभनपुर, मंदिरहसौद, बागबहरा, सारंगढ़, डोंगरगढ़, जांजगीर-नैला (महिला), अकलतरा (महिला), पंडरिया (महिला) के लिए आरक्षित है।

इसके साथ ही दल्लीराजहरा, तिलदा-नेवरा, बड़े-बचेली, लोरमी, कटघोरा, बेमेतरा, कोंडागांव, कवर्धा, अहिवारा, मनेंद्रगढ़, गोबरा-नवापारा (महिला), सूरजपुर (महिला) और कुम्हारी (महिला) अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित है।

नारायणपुर, जशपुरनगर, बलरामपुर, सुकमा, दंतेवाड़ा (महिला) और बीजापुर (महिला) अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं।

यह क्षेत्र हैं अनारक्षित

सक्ती, खरसिया,कांकेर, चांपा, रतनपुर, भाटापारा, बलौदाबाजार, मुंगेली, गरियाबंद, आरंग, महासमुंद, गौरेला, पेंड्रा, दीपका, सिमगा, अमलेश्वर, बैकुंठपुर और रामानुजगंज अनारक्षित हैं।

नगर पंचायत: एसटी 20, एससी 16 और ओबीसी के लिए 26 सीटें आरक्षित

124 नगर पंचायतों में अध्यक्ष पदों के लिए आरक्षण की प्रक्रिया भी पूरी हो गई है। अनुसूचित जाति (एसटी) के लिए 16, अनुसूचित जनजाति (एससी) के लिए 20 और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए 26 सीटें आरक्षित हैं।

एससी की 20 सीटों में से सात सीटें महिला आरक्षित हैं, एसटी की 16 सीटों में से पांच सीटें महिला आरक्षित व ओबीसी की 26 सीटों में से नौ सीटें महिला आरक्षित हैं। वहीं 62 सीटें अनारक्षित है,इनमें से नौ सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित है।

चुनावी माहौल बना

निकाय चुनावों के नजदीक आते ही शहरों में चुनावी माहौल भी बनने लगा है। दावेदारों की ओर से राजधानी रायपुर का दौरा करके अपनी-अपनी दावेदारी के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं।

बताया जा रहा है कि सीटों के आरक्षण के बाद अब स्थिति साफ हो जाएगी। अनेक स्थानीय नेता महिलाओं के लिए आरक्षित सीटों पर अपने परिवार की महिलाओं को चुनाव मैदान में उतार सकते हैं। वहीं, महिला नेता भी अपनी-अपनी दावेदारी पेश कर सकती हैं।

रायपुर को मिलेगी दूसरी महिला महापौर

रायपुर नगर निगम में दूसरी बार महापौर महिला होंगी। आरक्षण प्रक्रिया पूरी होने के बाद रायपुर महापौर के लिए भाजपा और कांग्रेस के दावेदारों की चर्चा होने लगी है।

दावेदारों की सूची में भाजपा से मीनल चौबे, सरिता आकाश दुबे, लक्ष्मी वर्मा, शताब्दी पांडेय शामिल हैं। कांग्रेस से दीप्ति दुबे, छाया वर्मा, किरणमयी नायक के नामों की चर्चा है। साल 2009 में किरणमयी नायक महापौर चुनी गई थीं।

Latest News

रायपुर : चुनाव प्रक्रिया को विधिक ढांचे के भीतर और सुदृढ़ करने हेतु निर्वाचन आयोग ने पार्टी अध्यक्षों और वरिष्ठ नेताओं को किया आमंत्रित

भारतीय निर्वाचन आयोग ने सभी राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों से 30 अप्रैल 2025 तक उन किसी भी...

More Articles Like This